
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पश्चिम एशिया के संकट को खत्म करने के लिए ईरान से दोबारा बातचीत शुरू करने का संकेत देने की वजह से दुनिया भर के बाजार की तरह घरेलू शेयर बाजार में भी आज उत्साह बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। इसके बावजूद बाजार लगातार जोरदार मजबूती के साथ कारोबार करता रहा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.71 प्रतिशत और निफ्टी 1.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एवियशन, एचडीएफसी लाइफ, मैक्स हेल्थकेयर, लार्सन एंड टूब्रो और टीसीएस के शेयर 4.60 प्रतिशत से लेकर 3.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, ओएनजीसी, कोल इंडिया और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 1.38 प्रतिशत से लेकर 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,829 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,639 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 190 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 29 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर सिर्फ एक शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहा था। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 46 शेयर हरे निशान में और चार शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 1,133.53 अंक की मजबूती के साथ 77,981.10 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक उछल कर 78,270.42 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली होने के कारण सेंसेक्स की चाल में गिरावट भी आई। बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसल कर 77,849.52 अंक के स्तर पर पहुंचा। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर लगाया, जिससे सूचकांक की रफ्तार दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 1,313.62 अंक की बढ़त के साथ 78,161.19 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 321.15 अंक उछल कर 24,163.80 के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 115 अंक से अधिक उछल कर 24,280.90 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू होने पर निफ्टी लुढ़क कर 24,145.80 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे यह सूचकांक दोबारा कुलांचे भरने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 397.65 अंक की तेजी के साथ 24,240.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,847.57 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 207.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,842.65 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक