पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री की सभा को लेकर भाजपा सक्रिय

युगवार्ता    15-Apr-2026
Total Views |
जेपीएस राठौड़ निरीक्षण करते हुए


जेपीएस राठौड़ निरीक्षण करते हुए


खड़गपुर, 15 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिले में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी 19 अप्रैल को पश्चिम मेदिनीपुर के बेलदा और झाड़ग्राम जिले के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री की सभाएं प्रस्तावित हैं।

बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री और चुनाव प्रभारी जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर से “हिंदुस्थान समाचार” की बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा को लेकर तैयारियां तेज चल रही हैं। इससे पहले उन्होंने पश्चिम मेदिनीपुर के बेलदा स्टेडियम मैदान का निरीक्षण भी किया।

चुनाव प्रभारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और बंगाल के लोग भी विकास की इसी धारा से जुड़ना चाहते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार जनता भाजपा को स्पष्ट समर्थन देगी। उन्होंने आगे कहा कि बेलदा की सभा को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में जबरदस्त उत्साह है। अभी से बड़ी संख्या में लोग सभा की तैयारी में जुटे हुए हैं, जिससे साफ है कि प्रधानमंत्री की यह सभा चुनाव में बड़ा संदेश देगे।

उधर झाड़ग्राम जिले में भी प्रधानमंत्री चार विधानसभा क्षेत्रों - झाड़ग्राम, गोपीबल्लभपुर, बिनपुर और नयाग्राम - के पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में सभा कर सकते हैं। झाड़ग्राम के भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर झाड़ग्राम स्टेडियम या गजाशिमुल मैदान में सभा आयोजित किए जाने की संभावना है, हालांकि सभा स्थल को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

राज्य में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 19 अप्रैल को झाड़ग्राम (दोपहर 12 बजे) और नारायणगढ़ (दोपहर दो बजे) में प्रस्तावित जनसभाओं को भाजपा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Tags