
प्रयागराज, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय रेल के प्रयागराज मंडल में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। करछना क्षेत्र के पचदेवरा हाल्ट पर ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। मृतकों के शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे के पीआरओ अमित सिंह के मुताबिक गाड़ी संख्या 12312 (डाउन) के गार्ड और लोको पायलट ने शाम करीब 6:15 बजे ट्रैक पर एक शव देखे जाने की सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12801 (अप) पुरुषोत्तम एक्सप्रेस लगभग 6:47 बजे उसी ट्रैक से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।
पीआरओ के मुताबिक पचदेवरा हाल्ट पर भीड़ अधिक होने के कारण लोग ट्रैक पर आ गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए रेल यातायात भी प्रभावित रहा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन रुकने की स्थिति में अनावश्यक रूप से नीचे न उतरें और रेलवे ट्रैक पर जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल भी रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल