वॉशिंगटन/बेरूत, 16 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि इजराइल और लेबनान के बीच आज से 10 दिनों का युद्धविराम (सीजफायर) लागू होगा। उन्होंने बताया कि यह सीजफायर अमेरिकी समयानुसार शाम 5 बजे से प्रभावी होगा।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोशेफ औन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की है। उनके अनुसार, दोनों नेताओं ने शांति की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अस्थायी युद्धविराम पर सहमति जताई है।
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि दोनों देशों के बीच स्थायी शांति स्थापित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने अब तक दुनिया में कई संघर्षों को सुलझाने में भूमिका निभाई है और यह उनका “दसवां” प्रयास होगा।
इससे पहले, वॉशिंगटन में इजराइल और लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच करीब 34 वर्षों बाद प्रत्यक्ष वार्ता हुई थी। इस बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी शामिल थे।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री रूबियो को निर्देश दिया है कि वे दोनों देशों के साथ मिलकर दीर्घकालिक शांति सुनिश्चित करने के प्रयास जारी रखें। साथ ही, अमेरिकी सेना के वरिष्ठ अधिकारी डैन केन को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
हालांकि, इस सीजफायर को लेकर दोनों देशों की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इससे पहले लेबनान के राष्ट्रपति ने सीजफायर से पहले किसी भी बातचीत से इनकार किया था, जिससे स्थिति और जटिल हो गई थी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय