झारखंड में नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में कोबरा जवान घायल

युगवार्ता    16-Apr-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक फोटो


पश्चिमी सिंहभूम, 16 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में गुरुवार सुबह सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में विस्फोट में हो गया। इस धमाके में कोबरा बटालियन-210 के जवान अभिनव कुमार मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गए। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, नक्सली इलाके में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए लगातार आईईडी प्लांट कर रहे हैं और जंगल का फायदा उठाकर छिपकर हमले कर रहे हैं। इसके बावजूद सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं और इलाके को नक्सल मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घायल जवान को प्राथमिक उपचार देने के बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची भेजा गया है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा और आसपास के इलाकों में बीते बुधवार से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों को क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद कोबरा, झारखंड पुलिस और अन्य अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। बुधवार को भी मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने आईईडी और गोलीबारी के जरिए जवानों को निशाना बनाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Tags