संसद में तीन विधेयक पेश, कांग्रेस विरोध पर आमादा

युगवार्ता    16-Apr-2026
Total Views |
संसद का आज विशेष सत्र शुरू हुआ है।


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। संसद के विशेष सत्र में आज लोकसभा में सरकार ने तीन अहम विधेयक पेश कर दिए। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने इसका विरोध किया। इस पर केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि वेणुगोपाल विधेयकों के गुण-दोष पर टिप्पणी नहीं कर सकते। वह केवल तकनीकी आपत्तियां उठा सकते हैं। सरकार बहस के दौरान विपक्ष को मजबूत जवाब देगी। समाजवादी पार्टी ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध न करने का फैसला किया है।

विशेष सत्र के शुरू होते ही कानूनमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन विधेयक 2026 को सदन में पेश करने का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 को पेश करने का प्रस्ताव दिया। यह विधेयक देश की चुनाव और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े अहम बदलावों से संबंधित हैं।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने इन तीनों विधेयकों के पेश किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026, केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन विधेयक 2026 को सदन में लाने के खिलाफ आपत्ति जताई।

इस पर शाह ने प्रतिक्रिया दी है। अमित शाह ने कहा कि केसी वेणुगोपाल विधेयकों के गुण-दोष पर टिप्पणी नहीं कर सकते और वे केवल तकनीकी आपत्तियां ही उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बहस के दौरान विपक्ष को मजबूत जवाब देगी।

लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सदस्य धर्मेंद्र यादव ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026, केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन विधेयक 2026 का विरोध करती है। मगर उनकी पार्टी महिला आरक्षण की सबसे बड़ी समर्थक है और इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags