शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार को लगे मुनाफावसूली के झटके, बिकवाली के बावजूद हरे निशान में सेंसेक्स और निफ्टी

युगवार्ता    16-Apr-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। मजबूत ग्लोबल संकेतों के सपोर्ट से घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती बनी हुई है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई। इसके बावजूद ये दोनों सूचकांक फिलहाल हरे निशान में ही कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, इंफोसिस और लार्सन एंड टूब्रो के शेयर 2.73 प्रतिशत से लेकर 1.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, सन फार्मास्युटिकल्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अपोलो हॉस्पिटल, कोल इंडिया और नेस्ले के शेयर 0.86 प्रतिशत से लेकर 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,746 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,866 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 880 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 32 शेयर हरे निशान में और 18 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 566.32 अंक की मजबूती के साथ 78,677.56 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 78,730.32 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से सेंसेक्स की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण ये सूचकांक गिर कर 78,241.63 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 144.49 अंक की बढ़त के साथ 78,255.73 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 153.90 अंक उछल कर 24,385.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 24,400.95 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद प्रॉफिट बुकिंग के चक्कर में हुई बिकवाली की वजह से निफ्टी की चाल कमजोर पड़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक गिर कर 24,275.20 अंक के स्तर पर आ गया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 50.50 अंक की मजबूती के साथ 24,281.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,263.67 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,111.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 388.65 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,231.30 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags