भाजपा ने ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ लॉन्च किया, बेरोजगार युवाओं को 3000 रुपये मासिक देने का वादा

युगवार्ता    16-Apr-2026
Total Views |
युवा शक्ति भरोसा कार्ड का शुरुआत के मौके पर विजेंद्र सिंह और लिएंडर पेस


कोलकाता, 16 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने युवाओं को साधने के उद्देश्य से ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ योजना की शुरुआत की है। गुरुवार को कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में मशहूर पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और बॉक्सर विजेंदर सिंह की उपस्थिति में इस योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया और युवाओं के बीच कार्ड वितरित किए गए।

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में वादा किया है कि बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें संक्रमण काल के दौरान वित्तीय सहारा मिल सके। पार्टी ने इसे युवाओं को सम्मान, अवसर और आत्मनिर्भर भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

कार्यक्रम में पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने कहा कि बंगाल के युवा सबसे अधिक वंचित हैं। उन्हें सम्मान देने के लिए पार्टी ने इस योजना के शुभारंभ का निर्णय लिया है। बाॅक्सर विजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पूरे देश के युवाओं के खेलकूद और भविष्य को लेकर लगातार काम किया है। युवा शक्ति योजना भी उसी का हिस्सा है। इससे बंगाल के युवाओं को वित्तीय मजबूती मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि, इससे एक दिन पहले भाजपा ने महिलाओं के लिए ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ योजना की भी घोषणा की थी।

भाजपा का कहना है कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी इसे राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक व्यापक दृष्टि का हिस्सा बता रही है।

वहीं, इन घोषणाओं को लेकर सियासी विवाद भी तेज हो गया है। प्रदेश में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव के नजदीक इस तरह की योजनाओं की घोषणा और वितरण को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि यह कदम चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है और मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

तृणमूल कांग्रेस का यह भी कहना है कि भाजपा पहले लक्ष्मी भंडार और युवा साथी जैसी राज्य सरकार की योजनाओं की आलोचना करती रही है, लेकिन अब चुनावी माहौल में उसी तरह की वित्तीय सहायता योजनाओं पर भरोसा जता रही है।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags