राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 अप्रैल को राउरकेला में कई प्रमुख परियोजनाओं का करेंगी लोकार्पण

युगवार्ता    17-Apr-2026
Total Views |
तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक


भुवनेश्वर, 17 अप्रैल(हि.स.)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 अप्रैल को ओडिशा के राउरकेला दौरे के दौरान शहरी प्रबंधन और विज्ञान आधारित बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी 21 अप्रैल को राउरकेला दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस सिलसिले में मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में लोक सेवा भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपति के दौरे की सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित और सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों की नियमित निगरानी करने को कहा।

बैठक में विकास आयुक्त सह अतिरिक्त मुख्य सचिव देवरंजन कुमार सिंह, गृह, उद्योग एवं सूचना-लोकसंपर्क विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। गृह विभाग के विशेष सचिव आर.के. शर्मा ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की रूपरेखा प्रस्तुत की।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 21 अप्रैल की सुबह नई दिल्ली से वायुसेना के विशेष विमान से रवाना होकर पूर्वाह्न 10:25 बजे झारसुगुड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी। वहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से लगभग 11:10 बजे राउरकेला पहुंचेंगी। इसके बाद वे सेक्टर-13 में आयोजित एक सार्वजनिक सभा में शामिल होंगी और विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।

राष्ट्रपति द्वारा राउरकेला में एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर भवन, विज्ञान पार्क एवं प्लेनेटोरियम तथा कोएलनगर स्थित प्रमोद उद्यान जैसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा वे जनजातीय संग्रहालय और कमांड कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण करेंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति शाम 4:50 बजे झारसुगुड़ा के रास्ते नई दिल्ली लौटेंगी।

सुंदरगढ़ के जिलाधिकारी डॉ. शुभंकर महापात्र ने बैठक में दौरे की स्थानीय तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों को राउरकेला और झारसुगुड़ा के सर्किट हाउस को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया है। हवाई अड्डे से लेकर सभा स्थल तक व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। राज्य पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया सहित पश्चिमी रेंज के डीआईजी और संबंधित जिलों के एसपी ने भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।

कार्यक्रम के समन्वय के लिए नगर विकास विभाग के निदेशक सह अतिरिक्त सचिव अरिंदम डाकुआ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए पेयजल, ओआरएस, प्राथमिक चिकित्सा, बिजली आपूर्ति और वेंटिलेशन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा अग्निशमन व्यवस्था, कारकेड प्लान, सड़कों की मरम्मत, स्वच्छता, हीटवेव को देखते हुए अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाएं, बैरिकेडिंग और मीडिया कवरेज की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। गृह विभाग की ओर से दौरे के दौरान एक विशेष कंट्रोल रूम भी संचालित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Tags