(लीड) इजराइल और ईरान समर्थक लेबनान के आतंकी संगठन हिज्बुल्लाह के बीच 10 दिन का संघर्ष विराम

युगवार्ता    17-Apr-2026
Total Views |
इजराइल के हमले के बाद दक्षिणी लेबनान के शहर नबातीह का मंजर। फोटो - इंटरनेट मीडिया


वाशिंगटन/बेरूत/तेल अवीव, 16 अप्रैल (हि.स.)। इजराइल और ईरान समर्थक लेबनान के बीच 10 दिन का संघर्ष विराम (सीज फायर) हो गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि लेबनान और इजराइल के राष्ट्राध्यक्षों ने इस पर अपनी सहमति जता दी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ''मैंने आज लेबनान के राष्ट्रपति जनरल जोसेफ औन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। दोनों ही 10 दिन के सीज फायर पर सहमत हो गए हैं। दोनों नेताओं ने सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए वे पूर्वी समय के अनुसार शाम पांच बजे (भारतीय समयानुसार रात ढाई बजे) औपचारिक रूप से हमले रोक देंगे।

अमेरिका के सीबीएस न्यूज चैनल, लेबनान के लोरिएंट टुडे अखबार और इजराइल के द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने उप राष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेशमंत्री मार्को रूबियो को निर्देश दिया है कि वे ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन के साथ मिलकर काम करें, ताकि इजराइल और लेबनान को स्थायी शांति हासिल करने में मदद मिल सके। राष्ट्रपति ने कहा कि वे नेतन्याहू और औन को बातचीत के लिए व्हाइट हाउस भी आमंत्रित करेंगे। उल्लेखनीय है कि लेबनान में चल रहा यह संघर्ष इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच है। हिज्बुल्लाह लेबनान में ईरान का छद्म आतंकी संगठन है।

लेबनान के राष्ट्रपति औन ने पश्चिम एशिया में संघर्ष-विराम कराने की कोशिशों के लिए ट्रंप का आभार जताया है। लेबनान के राष्ट्रपति कार्यालय के बयान के अनुसार, औन ने कहा कि ट्रंप के प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। बयान में कहा गया है कि ट्रंप ने लेबनान के प्रति अपना समर्थन भी व्यक्त किया है। इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा कैबिनेट के मंत्रियों से कहा कि उन्होंने ट्रंप के कहने पर लेबनान के साथ युद्ध विराम पर सहमति दी। उन्होंने इस मामले पर औपचारिक वोट कराने की मांग को खारिज कर दिया। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप हमारे दोस्त हैं। इजराइल पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने मंत्रियों को आश्वासन दिया कि संघर्ष विराम के दौरान रणनीतिक जगहों तैनात हमारे सुरक्षा बल नहीं हटेंगे।

इजराइल के विपक्षी नेता यायर लापिड ने लेबनान में सीजफायर के लिए प्रधानमंत्री की कड़ी आलोचना की है। उनका तर्क है कि नेतन्याहू सरकार वादे से पीछे हट गई। हिज्बुल्लाह के सांसद इब्राहिम अल-मौसवी ने कहा कि अगर इजराइल हमले रोक देता है तो लेबनानी आतंकी संगठन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा का पालन करेगा। उन्होंने कहा कि वह लेबनान पर दबाव डालने के लिए ईरान का आभार व्यक्त करते हैं। अगर ईरान इस सीज फायर को होर्मुज को बंद करने के बराबर न मानता तो यह संभव नहीं हो पाता।

लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने हिज्बुल्लाह और इजराइल के बीच सीज फायर का स्वागत किया। उन्होंने एक्स पर इस कामयाबी के लिए लेबनान के लोगों को बधाई दी। उन्होंने लड़ाई खत्म करने की कोशिशों के लिए वैश्विक नेताओं का आभार जताया। इस संघर्ष विराम पर लेबनानी सेना के प्रवक्ता चार्ल्स जबूर ने कहा कि 10 दिन के संघर्ष विराम का उपयोग सरकार को हिज्बुल्लाह के निशस्त्रीकरण के लिए करना चाहिए। फ्रांस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय 'एलिसी' ने संघर्ष विराम को बहुत अच्छी खबर बताया है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी संघर्ष विराम का स्वागत किया है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags