मणिपुर के पांच जिलों में इंटरनेट सेवा बहाल, हटाया गया अस्थायी प्रतिबंध

युगवार्ता    18-Apr-2026
Total Views |

इम्फाल, 18 अप्रैल (हि.स.)। कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा और आम जनता को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए मणिपुर सरकार ने पांच जिलों इम्फाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में सभी मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं पर लगाया गया अस्थायी प्रतिबंध हटा लिया है।

उल्लेखनीय है कि, इन जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के बाद 7 अप्रैल को प्रारंभ में तीन दिनों के लिए मोबाइल डेटा सेवाएं, ब्रॉडबैंड, वीसेट और वीपीएन सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं। बाद में इस प्रतिबंध को समय-समय पर बढ़ाया गया, हालांकि आईएलएल और एफटीटीएच जैसी कुछ ब्रॉडबैंड सेवाओं में सीमित और नियंत्रित छूट दी गई थी।

राज्य प्रशासन के अनुसार, जमीनी स्थिति के मूल्यांकन और इंटरनेट बंद रहने से उत्पन्न व्यापक बाधाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस प्रतिबंध के कारण उच्च न्यायालय, जिला अदालतों, स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भर विभिन्न विभागों का कार्य प्रभावित हुआ था।

इसके अलावा, वर्क-फ्रॉम-होम, वित्तीय और कर सेवाएं, बिजली से जुड़ी सेवाएं, मोबाइल रिचार्ज और एलपीजी बुकिंग जैसी आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।

टेलीकम्युनिकेशन सेवाओं के अस्थायी निलंबन से संबंधित 2024 के नियमों की धारा 3 के तहत जनहित में यह आदेश राज्यपाल द्वारा जारी किया गया है। आपात स्थिति को देखते हुए यह निर्देश एकतरफा रूप से लागू किया गया और इसकी जानकारी प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से दी जा रही है।

राज्य सरकार ने नागरिकों से इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है और चेतावनी दी है कि किसी भी तरह के दुरुपयोग की स्थिति में भविष्य में फिर से प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags