राज्यसभा सचिवालय में केएस सोमशेखर सचिव नियुक्त

युगवार्ता    18-Apr-2026
Total Views |
डॉ. सोमशेखर (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने डॉ. केएस सोमशेखर को राज्यसभा सचिवालय में सचिव पद पर नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति आज से प्रभावी हो गयी।

राज्यसभा सचिवालय के अनुसार डॉ. सोमशेखर वर्ष 1993 में राज्यसभा सचिवालय से जुड़े थे और तब से अब तक उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे अतिरिक्त सचिव, संयुक्त सचिव और निदेशक जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें संसदीय कार्यप्रणाली, प्रशासन और समिति संबंधी कार्यों का व्यापक अनुभव है।

इसके अलावा उन्होंने कर्नाटक सरकार में भी वरिष्ठ पदों पर कार्य किया और अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम और यूरोपीय संघ में संसदीय प्रक्रियाओं का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा जिनेवा में इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (आईपीयू) की बैठकों में भी भाग लिया है।

डॉ. सोमशेखर साहित्य में पीएच.डी. हैं और कन्नड़, हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु तथा तमिल भाषाओं में प्रवीण हैं। उनकी प्रशासनिक और शैक्षणिक विशेषज्ञता से राज्यसभा सचिवालय को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags