
अभिनेता विजय देवरकोंडा ने निर्देशक शौर्ययुव के साथ अपनी नई फिल्म का ऐलान कर दिया है, जिसने सामने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अनाउंसमेंट पोस्टर में विजय एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए हैं, जहां वह लोहे की जंजीरों से बंधे चार कुत्तों के साथ आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म सिर्फ एक नई कहानी नहीं, बल्कि बड़े विजन और ग्लोबल स्तर के सिनेमाई अनुभव का हिस्सा बनने जा रही है।
फिल्म के साथ 'दैट्स ए रोर' नाम का एक थीम सॉन्ग भी जारी किया गया है। यह गीत संघर्ष, दर्द और मुश्किल हालात के बीच हार न मानने की भावना को दर्शाता है। गाने के बोल यह संदेश देते हैं कि असली ताकत शोहरत में नहीं, बल्कि हर गिरावट के बाद फिर से खड़े होने में है। मेकर्स का मानना है कि यह सिर्फ फिल्म का गाना नहीं, बल्कि उसके भावनात्मक मूल को दर्शाने वाला एक प्रतीक है।
बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक समानांतर पौराणिक दुनिया पर आधारित होगी, जो प्राचीन एहसास के साथ पूरी तरह काल्पनिक होगी। निर्देशक शौर्ययुव, जिन्होंने 'हाय नन्ना' से दर्शकों का दिल जीता था, अब एक बड़े स्तर की कहानी के साथ लौट रहे हैं। यह प्रोजेक्ट उनके अब तक के काम से काफी अलग माना जा रहा है और इसमें भावनात्मक गहराई के साथ भव्य विजुअल्स का संगम देखने को मिलेगा।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी अंतरराष्ट्रीय तकनीकी टीम है। इसमें हॉलीवुड और भारतीय सिनेमा के कई बड़े नाम जुड़े हैं, जिनमें सिनेमैटोग्राफर अलेजांद्रो मार्टिनेज, संगीतकार हेशम अब्दुल वहाब और अनुभवी वीएफएक्स विशेषज्ञ शामिल हैं। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक साहसी कदम साबित हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे