ममता को हटाना होगा, नहीं तो बंगाल हाथ से निकल जाएगा : हिमंत बिस्व सरमा

युगवार्ता    18-Apr-2026
Total Views |
CM Sarma मुख्यमंत्री हिमंत


कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डाॅ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य की सरकार संसाधनों का उपयोग अवैध घुसपैठियों के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि ममता बनर्जी को सत्ता से नहीं हटाया गया तो भविष्य में बंगाल हाथ से निकल सकता है।

कलिम्पोंग में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए हिमंत बिस्व सरमा ने दावा किया कि असम और त्रिपुरा में उनकी पार्टी की सरकारों ने बांग्लादेशी घुसपैठियों की एंट्री रोकी है, जबकि पश्चिम बंगाल में अवैध प्रवेश जारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने वोट बैंक की राजनीति के लिए राज्य के खजाने को घुसपैठियों के लिए खोल दिया है। सरमा ने कहा कि उनके शासनकाल में पूरे बंगाल का नुकसान हुआ है और उत्तर बंगाल में विकास नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन की आवश्यकता है। सरमा ने दावा किया कि यदि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो अवैध घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा।

असम के मुख्यमंत्री डाॅ. हिमंत बिस्व सरमा ने सभा में गोरखालैंड मुद्दे का भी उल्लेख किया और कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर संवैधानिक समाधान तलाशेगी तथा गोरखा समुदाय को न्याय दिलाएगी। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags