मिथुन चक्रवर्ती ने कुल्टी व दुर्गापुर में किया रोड शो, कहा - ममता बनर्जी को अपनी हार का अंदेशा हो चुका है

युगवार्ता    18-Apr-2026
Total Views |
पत्रकारों से बात करते मिथुन चक्रवर्ती में


लोगों का अभिवादन करते मिथुन चक्रवर्ती दुर्गापुर में


आसनसोल, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय समिति के सदस्य और बालीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अब हार का अंदेशा हो गया है, इसलिए वह केंद्रीय सुरक्षा बलों पर आरोप लगा रही हैं। केंद्रीय जांच एजेंसियों की सक्रियता पर उन्होंने कहा कि एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम करती हैं और कार्रवाई का निर्णय वही करती हैं।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने ममता बनर्जी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें तृणमूल प्रमुख ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के जरिए भाजपा के पक्ष में मतदान काे प्रभावित करने का आरोप लगाया गया था।

कुल्टी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय पोद्दार के समर्थन में सोदपुर एरिया ऑफिस मैदान से डिसेरगढ़ पोस्ट ऑफिस तक एक ऐतिहासिक बाइक जुलूस निकाला गया। शनिवार काे इस जुलूस में मिथुन चक्रवर्ती भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने खुली गाड़ी में प्रत्याशी के साथ जनसंपर्क किया। मिथुन चक्रवर्ती को देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भारी भीड़ उमड़ती रही।

इसके बाद मिथुन चक्रवर्ती ने दुर्गापुर में दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। पहला रोड शो दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी लखन चंद्र घरूई के समर्थन में निकाला गया, जो कुरुलिया डंगाल स्वास्थ्य केंद्र से शुरू होकर झंडाबाग होते हुए मेन गेट मोड़ तक गया। इस रोड शो में लखन चंद्र घरूई, पूर्व भाजपा सांसद एसएस अहलूवालिया भी उनके साथ मौजूद थे। प्रचंड गर्मी के बीच उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जुटे रहे।

इसके बाद दूसरा रोड शो दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सीलमपुर ग्राम इलाके में आयोजित किया गया, जहां भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी के समर्थन में मिथुन चक्रवर्ती ने जनसंपर्क किया। इस रोड शो में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही और पूरे इलाके में चुनावी माहौल चरम पर नजर आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Tags