इस्तांबुल में दाहाल की नुमान कुर्तुल्मुस से शिष्टाचार भेंट

युगवार्ता    19-Apr-2026
Total Views |
नेपाल के राष्ट्रीय सभा अध्यक्ष और तुर्की संसद अध्यक्ष के बीच मुलाकात


काठमांडू, 19 अप्रैल (हि.स.) नेपाली संसद के उच्च सदन राष्ट्रीय सभा के अध्यक्ष नारायणप्रसाद दाहाल और तुर्किये की संसद ग्रैंड नेशनल असेंबली ऑफ टर्की के अध्यक्ष नुमान कुर्तुल्मुस के बीच रविवार को इस्तांबुल में शिष्टाचार भेंटवार्ता हुई। दाहाल अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) की 152वीं महासभा में भाग लेने के लिए इस्तांबुल पहुंचे हैं।

राष्ट्रीय सभा अध्यक्ष के सचिवालय के अनुसार, इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों, आपसी हित और संसदीय सहयोग के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। द्विपक्षीय बैठक में दाहाल ने संसदीय सहयोग के माध्यम से नेपाल और तुर्किये के संबंधों को और मजबूत एवं गहरा बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संसदीय अनुभवों के आदान-प्रदान, पारस्परिक भ्रमण और संसदीय मैत्री समूह के गठन में रुचि भी व्यक्त की।

दोनों देशों के बीच पिछले छह दशकों से चले आ रहे सौहार्दपूर्ण और पारस्परिक सम्मान पर आधारित कूटनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए दाहाल ने भविष्य में रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए नेपाल में तुर्किये का दूतावास स्थापित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में तुर्किये से जुड़े कार्यों के लिए नेपाली नागरिकों को भारत की राजधानी दिल्ली जाना पड़ता है। ऐसे में यदि नेपाल और तुर्कियो के बीच श्रम समझौता हो और नेपाल में तुर्किये दूतावास स्थापित किया जाए, तो दोनों देशों के बीच सहयोग और अधिक सुगम हो सकेगा। आईपीयू महासभा के दौरान तुर्किये की सरकार और संसद द्वारा किए गए स्वागत और आतिथ्य के लिए दाहाल ने आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर नुमान कुर्तुल्मुस ने नेपाली संसदीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तुर्किये सरकार नेपाल के लिए सीमित कोटे में शैक्षिक छात्रवृत्ति उपलब्ध करा रही है। उन्होंने छात्रवृत्ति बढ़ाने और दोनों देशों के बीच व्यापार विस्तार करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags