भाजपा ने असम के स्थानीय मुस्लिमों का कभी विरोधी नहीं किया : अमित शाह

युगवार्ता    02-Apr-2026
Total Views |
असमः कोलियाबर में चुनावी सभा को संबोधित करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह


नगांव, 02 अप्रैल (हि.स.)। असम के नगांव जिला अंतर्गत कोलियाबर के मिषा हाई स्कूल के खेल मैदान में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन की ओर से आयोजित 'विजय संकल्प समारोह' में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हिस्सा लेते हुए भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार केशव महंत के लिए चुनावी प्रचार किया। अमित शाह ने अपने संबोधन में कांग्रेस की तीखी आलोचना की। लोगों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को केशव महंत को जिताने में मेहनत करनी चाहिए। कोलियाबर में भाजपा का उम्मीदवार केवल केशव महंत हैं। भाजपा-अगप ने कोलियाबर के पास स्थित काजीरंगा को अवैध अतिक्रमण से मुक्त किया। काजीरंगा में एक सींग वाले गैंडों की हत्या हमारी सरकार ने पूरी तरह से बंद कर दिया है।

अमित शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की निंदा करते हुए कहा कि उन्हाेंने 15 साल सरकार में रहते हुए असम के लिए क्या किया? केंद्र और राज्य में सरकार होने के बावजूद कांग्रेस ने असम के लिए कुछ भी नहीं किया। असम ने यूपीए सरकार को प्रधानमंत्री देने के बाद भी कांग्रेस ने असम को कुछ नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम में व्यापक विकास हुआ है। कांग्रेस ने केवल अवैध प्रवासियों के लिए लाल कार्पेट बिछाने का कार्य किया।

भाजपा कभी भी असम के खिलंजिया (स्थानीय) मुस्लिमों के विरोध में नहीं रही, ऐसी महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए शाह ने कहा कि हमारी सरकार ने शहीदों को वास्तविक सम्मान दिया है। हिमालय से कन्याकुमारी तक हर जगह वीर लचित बोरफुकन का संदेश हमारी सरकार ने दिया है। लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई को वास्तविक सम्मान हमारी सरकार ने दिया। भूपेन दा को भारत रत्न हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में प्रदान किया गया। राहुल गांधी सपने देखना बंद करें। 10 साल हो गए हैं और 15 साल तक असम में भाजपा और अगप की सरकार होगी। चुनाव के बाद बिहू आ रहा है और इस बिहू को हम भाजपा और अगप की जीत के साथ मनाएंगे।

उल्लेखनीय है कि, अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर आज शाम असम पहुंचे। असम में उनकी पहली चुनावी सभा कोलियाबर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की गयी। वहीं शुक्रवार को अमित शाह निचले असम के तीन विधानसभा क्षेत्रों में तीन चुनावी सभाओं में हिस्सा लेंगे।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags