गोल्फ पर्यटन अवसंरचना में 2 अरब डॉलर का निवेश होगाः शेखावत

युगवार्ता    02-Apr-2026
Total Views |
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को घोषणा की कि इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) की ओर से गोल्फ पर्यटन अवसंरचना में 2 अरब डॉलर (18 हजार करोड़ रुपये से अधिक) का निवेश किया जाएगा।

शेखावत ने यह बात नई दिल्ली में आईजीपीएल की आधिकारिक फ्रेंचाइजी के शुभारंभ के अवसर पर कही। यह कदम देश को दुनिया के प्रमुख गोल्फ पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

मंत्री ने कहा कि यह निवेश प्रतिबद्धता केवल खेल को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है बल्कि यह 'ब्रांड इंडिया' में एक रणनीतिक निवेश है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के सपने को साकार करने के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का विकास अनिवार्य है, जो वैश्विक निवेश को आकर्षित कर सके और रोजगार के नए अवसर पैदा करे।

शेखावत ने बताया कि मंत्रालय राज्य सरकारों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ मिलकर गोल्फ सर्किट विकसित करने पर काम कर रहा है। आईजीपीएल के साथ यह तालमेल भारत की वैश्विक पर्यटन प्रतिस्पर्धात्मकता को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य खेल, पर्यटन और बुनियादी ढांचे को एक साथ जोड़ना है। इसके अलावा उच्च मूल्य वाले विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करना, टियर-2 और टियर-3 शहरों का विकास करना, रोजगार का सृजन और स्थायी पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags