
हैदराबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। नगर के मियापुर स्थित एक अपार्टमेंट में एक 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती ने आत्महत्या कर
ली है। सोशल मीडिया से शुरू हुआ रिश्ता शादी के महज 50 दिन के भीतर ही त्रासदी में बदल गया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने मृतका के पति काे हिरासत में ले लिया और मामले की छानबीन कर रही है।
मियापुर के इंस्पेक्टर पी. शिवप्रसाद के अनुसार, बिहार की रहने वाली ईशिका यादव की मुलाकात करीब पांच वर्ष पहले फेसबुक के जरिए मध्यप्रदेश के रहने वाले नीरज बंसल से हुई थी। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। पिछले पांच वर्षों से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इसी वर्ष 10 फरवरी में दोनों ने पटना में परिवार की मौजूदगी में शादी की थी, जिसके
बाद वे हैदराबाद के मियापुर स्थित एक अपार्टमेंट में रह रहे थे।
बुधवार की रात ईशिका ने अपने कमरे में फंदे से लटकर कर आत्महत्या कर ली। सुबह जानकारी मिलने पर उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के माता-पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि ईशिका को दहेज में सोने और हीरे के आभूषण की मांग को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार दबाव के कारण वह तनाव में थी और इसी के चलते उसने यह कदम उठाया।आरोप है कि पति अतिरिक्त दहेज के लिए महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। साथ ही वह महिला के परिवार पर अपने स्टार्टअप में निवेश करने का भी दबाव बना रहा था।
इंस्पेक्टर शिवप्रसाद ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने आराेपित काे हिरासत में ले लिया गया है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj