ट्रंप के संबोधन से पहले यूएई पर मिसाइल और ड्रोन से हमला

युगवार्ता    02-Apr-2026
Total Views |
ईरान 28 फरवरी के बाद से लगातार संयुक्त अरब अमीरात पर हमले कर रहा है। फोटो -इंटरनेट मीडिया


अबू धाबी, 02 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन से कुछ देर पहले ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर हमला किया। ईरान ने यूएई में मिसाइल और ड्रोन की बौछार कर दी। इसकी पुष्टि यूएई के रक्षा मंत्रालय ने की।

सीएनएन की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार तड़के बताया कि देश के एयर डिफेंस सिस्टम इस समय आने वाली मिसाइलों और ड्रोन के खतरों को रोकने का काम कर रहे हैं। यह जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण शुरू करने से कुछ ही देर पहले दी गई।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पूरे देश में सायरन बज रहे हैं और जनता को सलाह दी गई है कि वे शांत रहे। साथ सुरक्षा और बचाव संबंधी निर्देशों का पालन करे। उल्लेखनीय है कि मार्च में ईरान ने इजराइल-अमेरिका के संयुक्त हमलों के जवाब में संयुक्त अरब अमीरात पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।

31 मार्च तक यूएई रक्षा बलों ने 433 बैलिस्टिक मिसाइलों और 1,977 से अधिक ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया। कुछ हमले फुजैराह तेल क्षेत्र और दुबई हवाई अड्डे के पास हुए। इन हमलों में तीन सैन्यकर्मियों सहित 12 लोगों की मौत हुई है। ईरान ने क्षेत्रीय तनाव के बीच यूएई के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है। यह हमला 2022 के हूती विद्रोहियों के हमले से अधिक गंभीर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags