
कोलकाता, 02 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस प्रमुख मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को मुर्शिदाबाद जिले के सूती में आयोजित जनसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने मालदा में हिंसा को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर साजिश का खाका तैयार करने का आरोप लगाया और मतदाताओं से शांति बनाए रखने की अपील की।
तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार इमानी विश्वास के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए ताकत का इस्तेमाल करना चाहती है, लेकिन राज्य की जनता ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की हिंसा या उकसावे में नहीं आने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी भी तरह की अशांति का समर्थन नहीं करतीं और राज्य में शांति बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने मालदा की हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंसा के लिए उनकी पार्टी जिम्मेदार नहीं है और इसके पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्र सरकार लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)
जैसे कदमों के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि भवानीपुर क्षेत्र में भी लगभग 40 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक और महिलाओं के नाम शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में राज्य सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि कच्चे मकानों को पक्का बनाने तथा हर घर तक पेयजल पहुंचाने का काम जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एक करोड़ परिवारों को पहले ही जल सुविधा दी जा चुकी है और बाकी परिवारों तक भी यह सुविधा पहुंचाई जाएगी।
ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य की भाषा, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए तृणमूल कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर