इतिहास के पन्नों में 21 अप्रैल : बाबर ने जीता पानीपत का पहला युद्ध, भारत में पड़ी मुगल साम्राज्य की नींव

युगवार्ता    20-Apr-2026
Total Views |
पानीपत का पहला युद्ध।  फोटो - इंटरनेट मीडिया


21 अप्रैल 1526 को पहला पानीपत का युद्ध भारतीय इतिहास की एक निर्णायक घटना के रूप में दर्ज हुआ। इस युद्ध में काबुल के शासक जहीरूद्दीन मोहम्मद बाबर और दिल्ली सल्तनत के सुल्तान इब्राहिम लोदी आमने-सामने थे।

युद्ध में बाबर की सेना संख्या में कम थी, लेकिन उसकी रणनीति और आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल उसे बढ़त दिलाने में सफल रहा। बाबर ने पहली बार भारतीय युद्धभूमि पर तोपों और संगठित फौजी रणनीति का प्रभावी उपयोग किया। इसके विपरीत, इब्राहिम लोदी की सेना पारंपरिक तरीके से लड़ी, जिसमें हाथियों और भारी संख्या पर निर्भरता थी।

बाबर की योजनाबद्ध रणनीति, खासकर तोपों के इस्तेमाल और सैनिकों की बेहतर तैनाती ने लोदी की विशाल सेना को कमजोर कर दिया। भीषण संघर्ष के दौरान इब्राहिम लोदी मारा गया, जिससे उसकी सेना का मनोबल टूट गया और युद्ध का रुख पूरी तरह बाबर के पक्ष में चला गया।

इस जीत के साथ बाबर ने भारत में मुगल सत्ता की नींव रखी, जिसने आगे चलकर एक विशाल साम्राज्य का रूप लिया। पहला पानीपत का युद्ध को भारतीय इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जाता है, जिसने न केवल सत्ता परिवर्तन किया बल्कि युद्ध की तकनीकों और रणनीतियों में भी बदलाव की शुरुआत की।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1451 - लोदी वंश का संस्थापक बहलोल खां लोदी दिल्ली का शासक बना।

1526 - मुगल शासक बाबर और इब्राहिम लोदी के बीच पानीपत की पहली लड़ाई में इब्राहिम लोदी मारा गया और भारत में मुगल शासन की नींव पड़ी।

1895 - अमेरिका में विकसित पहले फिल्म प्रोजेक्टर 'पैनटॉप्टिकॉन' का प्रदर्शन किया गया।

1941 - यूनान ने नाजी जर्मनी के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

1945 - दूसरे विश्व युद्ध के दौरान सोवियत संघ की सेना ने जर्मनी के बर्लिन शहर के कुछ बाहरी इलाकों पर कब्जा कर लिया।

1960 - ब्रासीलिया शहर को ब्राजील की राजधानी बनाया गया।

1975 - दक्षिण विएतनाम के राष्ट्रपति थिऊ ने इस्तीफा दिया।

1977 - मेजर जनरल जियाउर्रहमान बांग्लादेश के राष्ट्रपति नियुक्त।

1987 - श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में बम धमाके में 100 से ज्यादा लोगों की मौत।

1989 - चीन के थ्येनआन मन चौराहे पर छात्रों का विशाल प्रदर्शन।

1996 - भारतीय वायुसेना के संजय थापर को पैराशूट के जरिए उत्तरी धुव्र पर उतारा गया।

2001 - बांग्लादेश में भारतीय जवानों की नृशंस हत्या पर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।

2002 - एलटीटीई से प्रतिबंध नहीं हटाने का संयुक्त राज्य अमेरिका का फैसला।

2003 - भारत में अमेरिकी राजदूत राबर्ट ब्लैकविल ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

2004 - बसरा में मिसाइल हमले में 68 लोगों की मृत्यु।

2006 - नेपाल नरेश ने चुनी हुई सरकार को सत्ता सौंपने की घोषणा की।

2007 - ब्रायन लारा ने एक दिवसीय क्रिकेट से संन्यास लिया।

2008 - भारत और ब्रिटेन की नौसेनाओं के बीच तीसरा साझा अभ्यास गोवा के निकट कोंकण में।

2008 - भारत और चीन ने आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए चार समझौतों पर हस्ताक्षर के लिए अपनी सहमति व्यक्त की।

2008 - उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमत्री सचिवालय में फेरबदल करते हुए नेतराम को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया। 2008 - हीरो होण्डा ग्रुप ने डेमलर एजी के साथ वाणिज्यिक वाहन बनाने के लिए संयुक्त उद्यम गठित किया।

जन्म

1864 - मैक्स वेबर - प्रसिद्ध जर्मन दार्शनिक एवं इतिहासकार।

1891 - जेम्स ब्रेड टेलर, भारतीय रिज़र्व बैंक के प्रथम उप-गवर्नर और ओसबोर्न स्मिथ के बाद दूसरे गवर्नर थे।

1895 - प्रथम विश्वयुद्ध में मरणोपरान्त 'विक्टोरिया क्रास' पाने वाले भारतीय सैनिक गबर सिंह नेगी।

1910 - सदाशिव त्रिपाठी - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ और उड़ीसा के 5वें मुख्यमंत्री थे।

1924 - भारत के पहले निशानेबाज कर्णी सिंह। उन्हें 1961 में अर्जुन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

1926 - इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय।

1944 - भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी।

निधन

1938 - 'सारे जहां से अच्छा हिंदोस्ता हमारा...' के रचयिता मशहूर शायर मोहम्मद इकबाल।

2013 - शकुन्तला देवी -, मानसिक परिकलित्र (गणितज्ञ)

2015 - भारतीय राजनीतिज्ञ जानकी बल्लभ पटनायक।

2021 - विख्यात इस्लामिक विद्वान मौलाना वहीदुद्दीन खान।

2021 - प्रसिद्ध बांग्ला कवि शंख घोष।

महत्वपूर्ण अवसर

- भारतीय सिविल सेवा दिवस।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags