
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए थे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी का रुख बना हुआ था। वहीं एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।
पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद की वजह से अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान पॉजिटिव नोट पर कारोबार करते रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 84.78 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,126.06 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 365.78 अंक यानी 1.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,468.48 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 377.39 अंक यानी 0.76 प्रतिशत फिसल कर 49,070.04 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.73 प्रतिशत उछल कर 10,667.63 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 162.43 अंक यानी 1.93 प्रतिशत कि छलांग लगा कर 8,425.13 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 547.77 अंक यानी 2.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,702.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.10 प्रतिशत फिसल कर 24,394.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.18 प्रतिशत लुढ़क कर 1,479.76 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 7,632.66 अंक के स्तर पर आ गया है।
दूसरी ओर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,005.97 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.67 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,078.39 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 521.93 अंक यानी 1.42 प्रतिशत उछल कर 37,326.27 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,261.19 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 645.10 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ 59,121 अंक के स्तर पर और हैंग सेंग इंडेक्स 272.67 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,433 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक