सम्मान और समझदारी के साथ युद्ध समाप्त करने की कोशिश करेगा ईरान : राष्ट्रपति

युगवार्ता    20-Apr-2026
Total Views |

तेहरान, 20 अप्रैल (हि.स.)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा है कि देश अमेरिका और इजराइल के साथ जारी तनावपूर्ण हालात को सम्मान और समझदारी के साथ समाप्त करने की दिशा में प्रयास कर रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान मौजूदा परिस्थितियों को संतुलन और सूझबूझ के साथ संभालने की रणनीति अपना रहा है।

तेहरान में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि किसी भी संभावित समाधान में राष्ट्रीय सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण हालात में जल्दबाजी के बजाय सोच-समझकर लिए गए फैसले ही देश को सुरक्षित रास्ते पर आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को अपनी संप्रभुता और हितों के खिलाफ किसी भी अत्यधिक दबाव का विरोध करना चाहिए, लेकिन साथ ही कूटनीतिक और तार्किक रास्तों को अपनाते हुए तनाव कम करने के प्रयास जारी रखने चाहिए।

इससे पहले सार्वजनिक कर्मचारियों के साथ बैठकों में भी मसूद पजशकियान ने युद्ध जैसी स्थिति को जल्द समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। उनका कहना था कि लंबा खिंचता संघर्ष न केवल ईरान बल्कि विरोधी पक्षों, क्षेत्रीय स्थिरता और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी नुकसानदेह है। ईरानी नेतृत्व का यह रुख संकेत देता है कि देश मौजूदा टकराव को कम करने और भविष्य में स्थिरता बहाल करने के लिए संतुलित कूटनीति पर जोर दे रहा है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags