प्रधानमंत्री मोदी को लेकर खरगे के बयान की भाजपा ने की कड़ी निंदा

युगवार्ता    21-Apr-2026
Total Views |
भाजपा सांसद डॉ. संबित पात्रा


नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'आतंकवादी' कहे जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बयान कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

भाजपा सांसद डॉ. संबित पात्रा ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की निंदा करते हुए कहा कि यह गलती से दिया गया बयान नहीं बल्कि जानबूझकर दिया गया है। डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राहुल गांधी भी प्रधानमंत्री मोदी के लिए तू तड़ाक की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया, तब-तब देश की जनता ने कांग्रेस को दंडित किया है।

वहीं, भाजपा नेता अमित मालवीय ने एक्स पर अपने बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहा।

यह पहली बार नहीं है जब खरगे ने सार्वजनिक चर्चा को इस स्तर तक गिराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सार्थक बहस करने के बजाय भारत के सबसे लोकप्रिय नेता का अपमान और मानहानि करने में जुट गई है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 21 अप्रैल को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आतंकवादी कहा। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस अध्यक्ष ने एआईएडीएमके के एनडीए में शामिल होने के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया।

खरगे ने बाद में स्पष्ट किया कि उनका मतलब प्रधानमंत्री मोदी द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्ष को डराने से था, न कि उन्हें वास्तविक आतंकवादी बताने से।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags