आईएमएफ-विश्व बैंक बैठक में बांग्लादेश को नहीं मिली फंडिंग की गारंटी, आर्थिक दबाव बढ़ा

युगवार्ता    21-Apr-2026
Total Views |

ढाका, 21 अप्रैल (हि.स.)। आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे बांग्लादेश को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है। हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्री मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की स्प्रिंग बैठक में देश को न तो अटके हुए आईएमएफ कार्यक्रम पर कोई ठोस प्रगति मिली और न ही अपेक्षित वित्तीय सहायता को लेकर आश्वासन।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश को करीब 3.2 अरब डॉलर की बजट सहायता एशियाई विकास बैंक, एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक और जापान सहित विभिन्न स्रोतों से मिलने की उम्मीद थी, लेकिन तय समयसीमा के भीतर इस फंडिंग को जुटाने को लेकर भी कोई स्पष्टता नहीं बन पाई।

बांग्लादेश की यह अनिश्चितता ऐसे समय आई है जब होर्मुज जलडमरुमध्य में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा और माल ढुलाई बाजार पहले से ही दबाव में हैं। इसके बावजूद, बांग्लादेश सरकार ने बैठक के बाद संयमित रुख अपनाते हुए कहा है कि आईएमएफ कार्यक्रम अब भी जारी प्रक्रिया में है और आने वाले महीनों में नियमित वार्ताओं के बाद बाहरी वित्तीय मदद उपलब्ध हो जाएगी।

वर्तमान में बांग्लादेश की वित्तीय स्थिति काफी दबाव में है। सरकार ने 9.3 ट्रिलियन टका का रिकॉर्ड बजट पेश किया है, जो महत्वाकांक्षी राजस्व लक्ष्य पर आधारित है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती वैश्विक चुनौतियों के बीच इस रणनीति को बनाए रखना कठिन होता जा रहा है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags