सीजफायर के बीच दक्षिणी लेबनान पर इजराइली हमले, बेका घाटी में महिला एवं दो बच्चों की मौत

युगवार्ता    21-Apr-2026
Total Views |

बेरूत, 20 अप्रैल (हि.स.)। लेबनान में लागू 10 दिन के युद्धविराम (सीजफायर) के बावजूद इजराइल द्वारा दक्षिणी इलाकों पर हमले किए जाने की खबरें सामने आई हैं। नेशनल न्यूज एजेंसी (एनएनए) के अनुसार, पिछले कुछ घंटों में कई कस्बों को निशाना बनाया गया, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, काकाइयात अल-जिस्र कस्बे में लितानी नदी के पास ड्रोन हमला किया गया। इसके अलावा टायर जिले के शमा कस्बे में बमबारी हुई, जबकि मरजायून क्षेत्र के तैयबेह कस्बे को भी निशाना बनाया गया। अल-कुसैर और अल-कंतारा के बीच के इलाकों में भी हमलों की सूचना है। हालांकि, इन घटनाओं में फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच, लेबनान की बेका घाटी में हुए हवाई हमलों में नागरिकों के मारे जाने की खबर है। सोहमोर कस्बे में तड़के करीब 3:30 बजे हुए हमले में एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शव दूर तक जा गिरे। वहीं, बच्चों के पिता गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, मशघरा क्षेत्र में भी हमलों से भारी नुकसान हुआ है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सीजफायर के प्रभाव और उसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि, इन हमलों को लेकर इजराइल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय समुदाय से स्थिति को शांत करने और युद्धविराम का पालन सुनिश्चित कराने की मांग तेज हो रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags