कांग्रेस के नेता मुद्दों पर बहस करने के बजाय जहरीली भाषा का ले रहे सहाराः चुग

युगवार्ता    21-Apr-2026
Total Views |
भाजपा महामंत्री तरुण चुग


नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ‘आतंकवादी’ जैसे शब्द के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा हमला बताया। चुग ने कहा कि यह सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि कांग्रेस की गिरती हुई राजनीतिक संस्कृति और सोच को उजागर करता है।

चुग ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के उन चुनिंदा नेताओं में से हैं जिन्हें जनता ने बार-बार भारी बहुमत से चुना है। लगातार तीसरी बार देश की सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को गरीबों का मसीहा माना जाता है, जिन्होंने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया और यह साबित किया कि सही नीयत से गरीबी को दूर किया जा सकता है।

चुग ने कहा कि ऐसे जननेता के लिए ‘आतंकवादी’ जैसे शब्द का प्रयोग करना कांग्रेस नेतृत्व के मानसिक दिवालियापन, हताशा और निराशा को दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं को पूरी तरह भुला दिया है और अब वे मुद्दों पर बहस करने के बजाय व्यक्तिगत हमलों और जहरीली भाषा का सहारा ले रहे हैं।

चुग ने कहा कि बार-बार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस की हताशा अब खुले तौर पर सामने आ रही है, जो इस तरह के आपत्तिजनक बयानों में दिखती है। यह बयान कांग्रेस की बौखलाहट और सत्ता से दूर रहने की बेचैनी को दर्शाता है। देश की जनता इस अपमान और अहंकार को बर्दाश्त नहीं करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस और उसके नेतृत्व को करारा जवाब देगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags