इतिहास के पन्नों में 23 अप्रैल : साहित्य और सिनेमा के दो महान स्तंभों को खोने का दिन

युगवार्ता    22-Apr-2026
Total Views |
सांकेतिक।


23 अप्रैल का दिन विश्व इतिहास में साहित्य और सिनेमा—दोनों क्षेत्रों के लिए एक गहरे शोक का प्रतीक माना जाता है। इसी दिन अंग्रेजी साहित्य के महान कवि और नाटककार विलियम शेक्सपीयर का वर्ष 1616 में निधन हुआ था। वहीं, भारतीय सिनेमा के दिग्गज निर्देशक सत्यजीत रे ने भी 23 अप्रैल 1992 को इस दुनिया को अलविदा कहा था।

विलियम शेक्सपीयर को विश्व साहित्य का एक अमर स्तंभ माना जाता है। उनकी कृतियां जैसे हेमलेट, रोमियो एंड जुलिएट और मैकबेथ आज भी साहित्य और रंगमंच की आधारशिला हैं। उनके लेखन में मानवीय भावनाओं और जीवन के गूढ़ सत्य का ऐसा चित्रण मिलता है, जो हर युग में प्रासंगिक बना हुआ है।

दूसरी ओर, सत्यजीत रे ने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी फिल्मों में यथार्थवाद, संवेदनशीलता और गहरी मानवीय समझ देखने को मिलती है। उनकी प्रसिद्ध कृतियों में पाथेर पांचाली, अपराजितो और अपुर संसार शामिल हैं, जिन्हें विश्व सिनेमा में क्लासिक का दर्जा प्राप्त है। इन दोनों महान हस्तियों की पुण्यतिथि हमें यह याद दिलाती है कि साहित्य और सिनेमा के क्षेत्र में उनका योगदान अमूल्य है। उनके द्वारा रची गई कृतियां आज भी नई पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं और आने वाले समय में भी उनका प्रभाव बना रहेगा।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1660 - स्वीडन और पोलैंड के बीच ओलिवा संधि पर सहमति बनी।

1661 - ब्रिटिश सम्राट चार्ल्स द्वितीय का लंदन में राज्याभिषेक।

1981 - सोवियत संघ ने भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।

1984 - वैज्ञानिकों ने एड्स के वायरस के बारे में पता लगाया।

1987 - उच्चतम न्यायालय ने विधवाओं को संपत्ति में हिस्से का निर्णय दिया।

1990 - नामीबिया सं.रा. संघ का 160वां सदस्य बना।

1993 - विदेशी शासन के लंबे इतिहास और दशकों के संघर्ष के बाद पूर्वी अफ्रीका के छोटे से देश एरिट्रिया में इथियोपिया से आजादी के बारे में जनमतसंग्रह पर तीन दिन का मतदान शुरू।

1995 - विश्व पुस्तक दिवस मनाने की शुरुआत हुई।

1996 - चेचेन्या के अलगाववादी नेता दुदायेव का एक हवाई हमले में निधन।

1999 - उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की स्थापना के लिए 50 वर्ष पूरे होने पर वांशिगटन में तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन का शुभारम्भ।

2002 - पेइचिंग में भारत तथा चीन के बीच सीमापार आतंकवाद पर वार्ता।

2003 - कुर्द और अरब विवादों को निपटाने के लिए आयोग गठित करने का निर्णय।

2005 - यूट्यूब की वेबसाइट पर पहला वीडियो अपलोड किया गया। यह विडियो यूट्यूब के संस्थापक जावेद करीम की सान दिआगो चिड़ियाघर की यात्रा का था। एक वर्ष के भीतर इस साइट पर करीब 10 करोड़ विडियो अपलोड किए गए।

2007: रूस के पहले निर्वाचित नेता बोरिस येल्तसिन का निधन। उन्हें 1991 में सत्ता संभालने के बाद राजनीति और अर्थव्यवस्था के एक दशक के तूफानी अध्याय के लिए जाना जाता है।

2008 - क्षेत्रीय अनुसंधान और विश्लेषण केन्द्र, लखनऊ को केन्द्र सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने मान्यता दी। 2008 - इंडियन फरमर्स फर्टिलाइजर (इफ्को) और मिस्र की सेन्ट्रल एग्रीकल्चर व कोआपरेटिव यूनियन (कांकू) ने सहकारिता के क्षेत्र में नई परियोजनाओं के लिए एक समझौता किया।

2008 - अमेरिकी कांग्रेस ने म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सांग सूकी को शीर्ष नागरिक सम्मान अमेरिकी कांग्रेस स्वर्णपदक से सम्मानित करने की घोषणा की।

जन्म

1858 - पंडिता रमाबाई - प्रख्यात भारतीय विदुषी महिला और समाज सुधारक।

1873 - विट्ठल रामजी शिंदे - महाराष्ट्र के प्रसिद्ध और बड़े समाज सुधारकों में से एक थे।

1889 - जी.पी. श्रीवास्तव - हिन्दी साहित्यकार थे।

1893 - ज्ञानेन्द्रनाथ मुखर्जी - भारत के प्रसिद्ध वैज्ञानिकों में से एक थे।

1913 - धनंजय कीर - बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की जीवनी लिखने वाले साहित्यकार थे।

1915 - जगन्नाथ कौशल - भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के राजनेता थे।

1927 - अन्नपूर्णा देवी - सुरबहार वाद्ययंत्र बजाने वाली एकमात्र महिला उस्ताद हैं।

1927 - विल्फ़्रेड डिसूजा - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ, जो गोवा के भूतपूर्व मुख्यमंत्री थे।

1935 - कक्कानादन - भारतीय लेखक, उपन्यासकार व कथाकार थे।

1954 - राजेन्द्र आर्लेकर - हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल हैं।

1969 - मनोज वाजपेयी - बॉलीवुड अभिनेता।

निधन

1616: विलियम शेक्सपियर।

1857 - बाबू कुंवर सिंह भारतीय स्वतंत्रता के प्रथम संग्राम के सिपाही।

1926 - माधवराव सप्रे - राष्ट्रभाषा हिन्दी के उन्नायक, प्रखर चिंतक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और सार्वजनिक कार्यों के लिये समर्पित कार्यकर्ता थे।

1973 - धीरेन्द्र वर्मा - हिन्दी और ब्रजभाषा के प्रसिद्ध कवि और लेखक।

1992 - सत्यजित राय निर्देशक, कहानीकार, साहित्यकार।

2007 - रूस के पूर्व राष्ट्रपति बोरिस निकोलाइएविच ऐल्तसिन का निधन।

2013 - शमशाद बेगम - हिन्दी फिल्मों की प्रसिद्ध पार्श्वगायिका।

2020 - उषा गांगुली - प्रसिद्ध भारतीय रंगमंच की अभिनेत्री और निर्देशक थीं।

महत्वपूर्ण अवसर

-विश्व पुस्तक एवं कॉपीराइट दिवस।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags