बीदर में अमृत महोत्सव का शुभारंभ, उपराष्ट्रपति ने बसवन्ना के विचारों को बताया आज भी प्रासंगिक

युगवार्ता    22-Apr-2026
Total Views |
VP


बीदर, 22 अप्रैल (हि.स.)। कर्नाटक के बीदर जिले के भालकी स्थित श्री चन्नबसवाश्रम में बुधवार को डॉ. बसवलिंग पट्टदेवरु महास्वामीजी के 75वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति ने डॉ. बसवलिंग पट्टदेवरु महास्वामीजी के सामाजिक, धार्मिक और जनकल्याणकारी योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन को सेवा, करुणा और मानवता के मूल्यों के लिए समर्पित किया है। उनके कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक का काम करते हैं।

उन्होंने महान संत जगज्योति बसवन्ना के जीवन और शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बसवन्ना के विचार समानता, सामाजिक न्याय और करुणा पर आधारित हैं, जो आज के समय में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उनके सिद्धांतों को अपनाकर एक न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, राज्य के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे, रहीम खान सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अनुयायियों की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को भक्ति और उत्साह से भर दिया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Tags