‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत निरीक्षण, 34 स्थानों पर हुआ गंभीर उल्लंघन

युगवार्ता    23-Apr-2026
Total Views |
सीएक्यूएम


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा दिल्ली-एनसीआर में 'ऑपरेशन क्लीन एयर' के तहत चलाए गए विशेष निरीक्षण में गंभीर उल्लंघन सामने आए हैं। 125 से अधिक सड़कों, स्थानों की जांच में, मुख्य रूप से गुरुग्राम और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में 34 स्थानों पर धूल और निर्माण मलबे का अत्यधिक जमाव पाया गया, जो प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं।

आयोग ने बताया कि इस अभियान में 5 फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों ने सिविल लाइंस, करोल बाग और पश्चिमी दिल्ली जैसे क्षेत्रों में व्यापक जांच की। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर जमा धूल और सफाई व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया गया।

जांच में कुल 34 उल्लंघन सामने आए, जिनमें महाकवि गोस्वामी तुलसीदास मार्ग, केशोपुर रोड, नजफगढ़ रोड, वेदिक मार्ग, सतगुरु राम सिंह मार्ग, रिंग रोड (पंजाबी बाग), बाबा रामदेव मार्ग, मलकागंज रोड, रामलाल कपूर मार्ग, शांति स्वरूप त्यागी मार्ग, आजादपुर रोड, भलस्वा डेयरी रोड और फैज रोड जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

इन स्थानों पर मुख्य रूप से सड़कों पर अत्यधिक धूल, निर्माण एवं विध्वंस कचरे का जमाव

जैसी समस्याएं पाई गईं, जो वायु प्रदूषण को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

आयोग ने नगर निगम सहित संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे सड़कों की नियमित मशीन से सफाई सुनिश्चित करें,

पानी का छिड़काव बढ़ाया जाए, सीएंडडी कचरे को समय पर हटाया जाए, अवैध कचरा फेंकने पर सख्त कार्रवाई की जाए। आयोग ने जिम्मेदारी तय करने, निगरानी बढ़ाने और नियमों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया है।

आयोग ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों को नियंत्रित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags