जापान के रक्षा निर्यात नियमों में बदलाव का भारत ने किया स्वागत

युगवार्ता    23-Apr-2026
Total Views |
MEA Bangladesh HC Summon


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारत ने जापान की ओर से घातक हथियारों के निर्यात पर लगे प्रतिबंध में ढील देने के फैसले का स्वागत किया है। भारत ने इसे रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने वाला कदम बताया। दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी में रक्षा सहयोग एक अहम स्तंभ माना जाता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत, जापान द्वारा रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण से जुड़े तीन सिद्धांतों की समीक्षा का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि भारत-जापान संयुक्त सुरक्षा सहयोग घोषणा के तहत दोनों देश अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक गतिशीलता के हित में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसमें सरकारी संस्थाओं और निजी क्षेत्र के बीच तकनीकी और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देना शामिल है, ताकि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लचीलापन सुनिश्चित किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि जापान ने मंगलवार को घातक हथियारों के निर्यात पर लगे प्रतिबंध को हटाने का समर्थन किया, जो देश की युद्धोत्तर शांतिवादी नीति में एक बड़ा बदलाव है क्योंकि देश अपने हथियार उद्योग को मजबूत करना चाहता है और रक्षा भागीदारों के साथ सहयोग को गहरा करना चाहता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags