नीतू शर्मा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई अंतरिम सीईओ नियुक्त

युगवार्ता    24-Apr-2026
Total Views |
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला नया सीईओ


नोएडा, 24 अप्रैल (हि.स.)। लंबे समय से चल रहे प्रबंधन विवाद के बीच नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीईओ की नियुक्ति का

मामला अटका पड़ा था। आखिरकार शुक्रवार को इंटरनेशल एयरपाेर्ट का अंतरिम सीईओ नियुक्त कर दिया गया है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) ने नीतू शर्मा को कंपनी का अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त कर दिया है।

यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) ने शुक्रवार को अहम निर्णय लेते हुए नीतू शर्मा को कंपनी का अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त कर दिया है। अब तक इस पद पर स्विट्जरलैंड के नागरिक क्रिस्टोफ शनेलमैन कार्यरत थे, जिन्हें कंपनी ने नई भूमिका देते हुए एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन बना दिया है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी दिलाने में विदेशी सीईओ होना बड़ी बाधा बन रहा था। गृह मंत्रालय ने इसी आधार पर सुरक्षा स्वीकृति देने से इनकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि इसी अड़चन को दूर करने के लिए कंपनी ने नेतृत्व में यह बदलाव किया। नीतू शर्मा पहले कंपनी में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं और प्रोजेक्ट की वित्तीय रणनीति में उनकी अहम भूमिका रही है।

नीतू शर्मा की नियुक्ति के साथ ही अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सुरक्षा से जुड़े लंबित मसलों के जल्द सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है। यह फैसला एयरपोर्ट परियोजना को गति देने के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Tags