अखिलेश यादव अपने कार्यकर्तओं को सिखाएं अनुशासन व संस्कार: गीता शाक्य

युगवार्ता    24-Apr-2026
Total Views |
पत्रकारों से वार्ता करती राज्यसभा सांसद गीता शाक्य


झांसी, 24 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने महिलाओं के मुद्दों पर भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराने के साथ ही विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी और डिंपल यादव ने महिलाओं के हितों के खिलाफ काम किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं में संस्कार गढ़ने की सलाह दी।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य यहां सर्किट हाउस में पत्रकाराें से वार्ता कर रही थीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से ही स्वच्छता अभियान से लेकर नारी सशक्तिकरण तक, केंद्र सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी भेदभाव नहीं किया और मुस्लिम महिलाओं के हित में तीन तलाक के खिलाफ कठोर कानून बनाकर उन्हें न्याय दिलाया। सितंबर 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन बिल को उन्होंने देश की महिलाओं को समर्पित बताया। उन्हाेंने कहा कि संसद में चर्चा के दाैरान कांग्रेस की नेताप्रियंका गांधी और सपा की नेता डिंपल यादव ने महिलाओं के हितों के खिलाफ काम किया। प्रियंका और डिंपल का कृत्य विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्हाेंने बताया कि वर्ष 2029 तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

लखनऊ की मेयर के घर पर हमले को लेकर भी गीता शाक्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रखना चाहिए। मेयर के घर पर हमला और नेम प्लेट पर चप्पल मारना अस्वीकार्य है और यह राजनीतिक संस्कारों की कमी को दर्शाता है।

पत्रकार वार्ता में झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने भी विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि इन पार्टियों का इतिहास महिला आरक्षण के विरोध से जुड़ा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी इस बिल को फाड़ा गया था और समर्थन नहीं दिया गया। उन्हाेंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सामाजिक बदलाव जरूरी है और देश की मातृशक्ति विपक्ष के रवैये को भूलेगी नहीं।

इस अवसर पर उनके साथ एमएलसी रमा निरंजन, विधायक जवाहरलाल राजपूत, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, महिला महानगर अध्यक्ष सुमन पुरोहित, मीडिया प्रभारी प्रियांशु डे,गुड्डी रानी पटेल, दीपक त्रिपाठी, राशि साहू, शीतल कुशवाहा और अपर्णा दुबे आदि तमाम महिलाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Tags