
बेंगलुरु, 24 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया। इसके साथ टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने साई सुदर्शन की शतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 18.5 ओवर में पांच विकेट पर 206 रन बनाकर जीत हासिल की। आरसीबी के लिए विराट कोहली ने 81 और देवदत्त पडिक्कल 55 रनों की अहम पारियां खेलीं। गुजरात की तरफ से राशिद खान ने दो विकेट चटकए जबकि मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और मानव सुथार को एक-एक सफलता मिली। इस मैच में कोहली को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले गुजरात ने आरसीबी के सामने 206 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने साई सुदर्शन की शानदार शतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 205 रन बनाए थे। सुदर्शन ने अपनी पारी में 11 चौके और 5 छक्के लगाए। सुदर्शन लगातार 3 सीजन में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हो गए, कप्तान शुभमन गिल 32 और जोश बटलर ने 25 रन का योगदान दिया। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार, हेजलवुड और सुयश ने एक-एक विकेट झटके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा