'कैप्टन इंडिया' की रिलीज तारीख का ऐलान

युगवार्ता    24-Apr-2026
Total Views |
कार्तिक आर्यन - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेता कार्तिक आर्यन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कैप्टन इंडिया' की रिलीज तारीख आखिरकार घोषित कर दी गई है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए यह बड़ी खबर है कि फिल्म अब 13 अगस्त 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं ने इसे स्वतंत्रता दिवस सप्ताहांत पर लाने का फैसला किया है, जिससे फिल्म को देशभक्ति के माहौल का भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस फिल्म की घोषणा करीब पांच साल पहले की गई थी और तभी से दर्शक इससे जुड़ी हर अपडेट पर नजर बनाए हुए थे। फिल्म का निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं, जो 'चक दे! इंडिया' और 'रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर' जैसी सराही गई फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनके निर्देशन में कार्तिक आर्यन पहली बार एक अलग और गंभीर किरदार में नजर आएंगे।

'कैप्टन इंडिया' को टी-सीरीज और बावेजा स्टूडियोज, मिडनाइट चाय फिल्म्स लिमिटेड के सहयोग से प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे मिशन पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें साहस, नेतृत्व और देशभक्ति का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की गई है। कार्तिक आर्यन के लिए साल 2027 बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि 'कैप्टन इंडिया' के अलावा उनकी एक और चर्चित फिल्म 'नागजिला' भी उसी साल रिलीज होगी। ऐसे में आने वाला साल अभिनेता के करियर के लिए अहम साबित हो सकता है और उनके प्रशंसकों की उम्मीदें भी इस फिल्म से काफी बढ़ गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags