थॉमस व उबर कप 2026: सिंधु की जीत से भारत को बढ़त, पुरुष टीम की दमदार शुरुआत

युगवार्ता    24-Apr-2026
Total Views |
भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)।थॉमस व उबर कप 2026 में भारतीय बैडमिंटन टीम ने शानदार शुरुआत की है। उबर कप के अपने पहले मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने डेनमार्क के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली, जहां स्टार शटलर पी. वी. सिंधु ने एक रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की।

सिंधु ने डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफर्सन को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 21-13, 18-21, 21-17 से हराया। लगभग एक घंटे तक चले इस मुकाबले में डेनमार्क की खिलाड़ी ने सिंधु को कड़ी चुनौती दी, लेकिन अंततः भारतीय स्टार ने अपना अनुभव दिखाते हुए मैच अपने नाम किया।

इससे पहले, भारतीय पुरुष टीम ने थॉमस कप अभियान की शुरुआत कनाडा के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत के साथ की। डेनमार्क के फोरम हॉर्सेन्स में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

भारत के लिए आयुष शेट्टी, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी, तथा हरिहरन अम्साकरुनन और एम.आर. अर्जुन की जोड़ी ने अपने-अपने मुकाबले जीते। आयुष शेट्टी ने ब्रायन यांग को 21-13, 21-17 से हराया। वहीं सात्विक-चिराग की जोड़ी ने जोनाथन लाई और केविन ली को 21-10, 21-11 से शिकस्त दी।

हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी ने टाई अलेक्जेंडर लिंडेमैन और नायल याकुरा को 21-7, 21-15 से हराया। इसके बाद किदांबी श्रीकांत ने जोशुआ गुयेन को 21-17, 21-12 से हराकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी।

हालांकि, लक्ष्य सेन को शुरुआती मुकाबले में विक्टर लाई के खिलाफ 21-18, 19-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।

उधर, महिला टीम का डेनमार्क के खिलाफ मुकाबला जारी है, जहां सिंधु की जीत ने भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags