स्पोर्टस सिटी धर्मशाला में 27 अप्रैल से होगा फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज़

युगवार्ता    24-Apr-2026
Total Views |

धर्मशाला, 24 अप्रैल (हि.स.)। स्पोर्टस सिटी धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में 27 अप्रैल से देश भर के फुटबाल खिलाड़ी जुटेंगे। वीर शहीदों की स्मृति और खेल भावना को समर्पित अखिल भारतीय शहीद मेजर दुर्गा मल्ल एवं कैप्टन दल बहादुर थापा मेमोरियल गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का 38वां संस्करण 27 अप्रैल से 3 मई तक आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 1989 से निरंतर आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट न केवल देश भर की श्रेष्ठ टीमों को एक मंच प्रदान करता है, बल्कि यह आयोजन हमारी आजादी के वीर नायकों को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। प्रतियोगिता का शुभारंभ धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी करेंगे। वहीं, 3 मई को समापन समारोह के दौरान सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और स्थानीय विधायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

सांस्कृतिक धरोहर और शहादत का संगम

एसोसिएशन के अध्यक्ष पालम जंग प्रधान ने बताया कि आजादी के अमृत काल में इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट युवाओं को देशभक्ति और अनुशासन से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इस कड़ी में एक मई को धर्मशाला महाविद्यालय के सभागार में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कला को बढ़ावा देते हुए नेपाली-गोरखाली नृत्य और कांगड़ा का प्रसिद्ध झमाकड़ा प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, वीर शहीदों के जीवन और बलिदान पर आधारित एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी।

देश की 14 बेहतरीन टीमें होंगी शुमार

टूर्नामेंट में इस बार देश की 14 प्रमुख टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें आरबीआई मुंबई, कस्टम दिल्ली, सीआईएसएफ, राजस्थान पुलिस, 16 गढ़वाल राइफल्स, 2 गढ़वाल राइफल्स, 3/5 गोरखा राइफल्स, 5/5 गोरखा राइफल्स, खालसा क्लब अमृतसर, डू-लाइक स्पोर्टस क्लब जालंधर, जेसीटी फगवाड़ा, आरसीएफ कपूरथला और एचपीएफए शामिल हैं। मेजबान टीम के रूप में धर्मशाला की स्थानीय टीम भागसू इलेवन भी मैदान में उतरेगी।

अंडर-19 इंटर स्कूल मुकाबले भी होंगे टूर्नामेंट का हिस्सा

एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि गोल्ड कप फुटबाल टूर्नामेंट के साथ इस वर्ष धर्मशाला व आसपास के क्षेत्रों में स्थित 11 स्कूलों के बीच अंडर-19 प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी। इसमें इंटरनेशनल सहज पब्लिक स्कूल (टालनू), सेक्रेड हार्ट स्कूल (सिद्धपुर), अचीवर्स हब (दाड़ी), आधुनिक पब्लिक स्कूल, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, टीसीवी स्कूल, दयानंद पब्लिक स्कूल, हाइलैंड पब्लिक स्कूल, डीपीएस कांगड़ा और जीएसएसएस खनियारा खास व शाहपुर के युवा खिलाड़ी अपना कौशल दिखाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Tags