मप्र के शिवपुरी जिले में 2500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होगा रक्षा संयंत्रः ज्योतिरादित्य सिंधिया

युगवार्ता    25-Apr-2026
Total Views |
शिवपुरी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया


- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी में कोलारस में किया अडानी की जैकेट फैक्ट्री का शुभारंभ

शिवपुरी, 25 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के प्रवास के दौरान बदरवास में अडानी समूह की जैकेट फैक्ट्री का शुभारंभ किया। इस असर पर उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि कोलारस विधानसभा क्षेत्र में 2500 करोड़ रुपये का रक्षा संयंत्र स्थापित किया जाएगा।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को शिवपुरी जिले के चार दिवसीय प्रवास के पहले दिन कोलारस क्षेत्र में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोलारस क्षेत्र में करीब 2500 करोड़ की लागत से रक्षा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। यह संयंत्र न केवल क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही औद्योगिक मांग को पूरा करेगा, बल्कि इसे देश के रक्षा उत्पादन के मानचित्र पर भी स्थापित करेगा। इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।

रक्षा संयंत्र के साथ ही बदरवास में अदानी समूह द्वारा स्थापित जैकेट फैक्ट्री का भी शुभारंभ किया गया। यह फैक्ट्री विशेष रूप से स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। यहां आधुनिक मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेज होंगी।

कार्यक्रम में सिंधिया ने महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं केवल श्रमिक नहीं, बल्कि उद्योग की भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि हमारी दीदियां अब फैक्ट्री में काम करने वाली नहीं, बल्कि उसे चलाने वाली बनेंगी।” इस बयान के जरिए उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की मंशा स्पष्ट की। इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। इससे न केवल बेरोजगारी कम होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। व्यापार, परिवहन और छोटे उद्योगों को भी इससे लाभ मिलेगा।

सिंधिया ने बताया कि यह संयंत्र कोलारस से लगभग 15 किलोमीटर दूर कोटा हाईवे और मुंबई-ग्वालियर हाईवे के जंक्शन पर स्थापित किया जाएगा, जिसे उन्होंने कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स के लिहाज से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से लगभग 2,000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कोलारस में 19.68 करोड़ रुपये की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। पीएम-जनमन योजना के तहत उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावासों का भूमिपूजन किया और जनपद पंचायत भवन का शिलान्यास किया। सिंधिया ने एक नए बस स्टैंड और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी किया, जिसका उद्देश्य कनेक्टिविटी में सुधार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इसके अलावा, उन्होंने एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की आधारशिला भी रखी, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता और शहरी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags