बाकू, 26 अप्रैल (हि.स.)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अजरबैजान की राजधानी बाकू में अपने समकक्ष इल्हाम अलीयेव के साथ सुरक्षा और ऊर्जा सहयोग से जुड़े अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है।
ज़ेलेंस्की ने बताया कि समझौतों में सैन्य-औद्योगिक सहयोग भी शामिल है, जिसके तहत रक्षा उत्पादन और तकनीकी साझेदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। अलीयेव ने कहा कि दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग की संभावनाएं व्यापक हैं और इस दिशा में संयुक्त रक्षा उत्पादन पर भी चर्चा हुई है, हालांकि उन्होंने किसी विशिष्ट समझौते का विवरण साझा नहीं किया।
मध्य पूर्व में हालिया तनाव और ईरान से जुड़े ड्रोन खतरों के मद्देनजर कई देश यूक्रेन के अनुभव का लाभ उठाना चाहते हैं, खासकर हवाई हमलों से निपटने के क्षेत्र में।
इस दौरान जेलेंस्की ने रूस के साथ शांति वार्ता को फिर से शुरू करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि यदि रूस कूटनीतिक बातचीत के लिए तैयार होता है, तो अजरबैजान संभावित वार्ता स्थल बन सकता है।
उल्लेखनीय है कि पहले अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही रूस-यूक्रेन वार्ता धीमी पड़ गई थी, क्योंकि अमेरिका का ध्यान हाल के महीनों में ईरान से जुड़े घटनाक्रमों पर केंद्रित हो गया है। यूक्रेन द्वारा कूटनीतिक और रणनीतिक दोनों मोर्चों पर सक्रियता दिखाना उसके दीर्घकालिक सुरक्षा और आर्थिक हितों के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय