
शिमला, 26 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज कड़ा बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ा है और मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को प्रदेश के किसी भी मौसम केंद्र में बारिश या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई, हालांकि कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश जरूर हुई।
मौसम केंद्र शिमला के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान सेओबाग में 2.2 मिलीमीटर, जोत में 2 मिलीमीटर और कल्पा में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बावजूद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा। खासतौर पर मैदानी क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है।
तापमान की बात करें, तो ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है। सुंदरनगर में 36.8 डिग्री, कांगड़ा में 36.6 डिग्री, मंडी में 36 डिग्री, नाहन में 35 डिग्री और भुंतर में 34.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। धर्मशाला में 34.1 डिग्री और सोलन में 33.2 डिग्री तापमान रहा। राजधानी शिमला में भी तापमान 27.2 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 3.8 डिग्री ज्यादा है।
गर्मी का असर अब रात के समय भी महसूस किया जा रहा है। शिमला और ऊना में रात का तापमान लगभग बराबर दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है, जबकि ऊना में यह 19 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के तापमान में यह समानता लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री अधिक चल रहा है। वहीं, सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम बदलने के संकेत दिए हैं। 27 अप्रैल को ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 28 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 28 अप्रैल के लिए मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में तेज हवाएं, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इस बीच मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण पर्यटक बड़ी संख्या में हिमाचल के पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। ऊना सहित कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने के बाद लोग राहत के लिए शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे ठंडे इलाकों में पहुंच रहे हैं। चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में भी बढ़ती गर्मी के चलते पर्यटकों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगर 28 अप्रैल से बारिश होती है तो इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल प्रदेश में गर्मी का असर जारी है और आने वाले दो-तीन दिन और कठिन रह सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा