इस सप्ताह 6 कंपनियों के शेयर एक्स डिविडेंड ट्रेड करेंगे, अधिकतम 29.59 रुपये का मिलेगा डिविडेंड

युगवार्ता    26-Apr-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। सोमवार यानी 27 अप्रैल से शुरू हो रहे नए कारोबारी सप्ताह के दौरान छह कंपनियों के शेयर एक्स डिविडेंड ट्रेड करने वाले हैं। इन कंपनियों का डिविडेंड अमाउंट कम से कम 1.50 रुपये और अधिक से अधिक 29. 59 रुपये प्रति शेयर है। कंपनियों का डिविडेंड उन शेयर होल्डर्स को ही मिलेगा, जिनका नाम रिकॉर्ड डेट तक शेयरों के मालिक के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड में दर्ज होगा।

कंपनी 36 वन वैम (36 ओएनई डब्ल्यूएएम) छह रुपये प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड जारी कर रही है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 27 अप्रैल तय किया गया है। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू एक रुपये है। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कंपनी के शेयर बीएसई पर 1,039.35 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। कंपनी की ओर से बताया गया है कि अंतरिम डिविडेंड का भुगतान 20 मई या उससे पहले कर दिया जाएगा।

इसी तरह स्टोवेक इंडस्ट्रीज ने 12 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने का ऐलान किया है। डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 30 अप्रैल तय की गई है। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कंपनी के शेयर बीएसई पर 1,879.10 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे।

इस हफ्ते डिविडेंड देने के लिए रिकॉर्ड डेट तय करने वाली तीसरी कंपनी तानला प्लेटफॉर्म्स है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए छह रुपये प्रति शेयर का दूसरा अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। तानला प्लेटफॉर्म्स के डिविडेंड के लिए भी रिकॉर्ड डेट 30 अप्रैल तय की गई है। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू एक रुपये है। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कंपनी के शेयर बीएसई पर 486.40 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे।

इसी तरह हिंदुस्तान जिंक ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए 11 रुपये प्रति शेयर के पहले अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। हिंदुस्तान जिंक के डिविडेंड के लिए भी रिकॉर्ड डेट 30 अप्रैल तय की गई है। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू दो रुपये है। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कंपनी के शेयर बीएसई पर 588.85 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे।

डिविडेंड के लिए इसी सप्ताह के रिकॉर्ड डेट वाली कंपनियों में पांचवा नाम एबीबी इंडिया का है। कंपनी 29.59 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने जा रही है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट दो मई है, जबकि कंपनी के शेयर इसके ठीक पहले वाले कारोबारी दिन 30 अप्रैल को एक्स डिविडेंड ट्रेड करेंगे। यह कंपनी डिविडेंड देने के लिए जनवरी से दिसंबर के कैलेंडर इयर को फॉलो करती है। एबीबी इंडिया के शेयर की फेस वैल्यू दो रुपये है। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कंपनी के शेयर बीएसई पर 7,327 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे।

डिविडेंड के लिए इसी सप्ताह रिकॉर्ड डेट वाली आखिरी कंपनी वेसुवियस इंडिया है। कंपनी 1.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने जा रही है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 30 अप्रैल है। यह कंपनी डिविडेंड देने के लिए जनवरी से दिसंबर के कैलेंडर इयर को फॉलो करती है। वेसुवियस इंडिया के शेयर की फेस वैल्यू एक रुपये है। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कंपनी के शेयर बीएसई पर 498 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags