प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध, महिला ने बैरिकेड पार कर की मंच पर चढ़ने की कोशिश

युगवार्ता    26-Apr-2026
Total Views |
महिला ने बैरिकेड पार कर मंच तक पहुंचने की कोशिश


हुगली, 26 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान एक महिला ने बैरिकेड पार कर मंच तक पहुंचने की कोशिश की। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, सुरक्षा कारणों से उसे मंच पर चढ़ने नहीं दिया गया और पुलिस ने उसे तुरंत वहां से हटा दिया। घटना रविवार को आरामबाग सांगठनिक जिले के हरिपाल में हुई, जहां प्रधानमंत्री सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला अचानक बैरिकेड पार कर मंच की ओर बढ़ने लगी।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, महिला पार्टी की ही एक कार्यकर्ता बताई जा रही है। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि महिला प्रधानमंत्री के पास पहुंचने की जिद पर अड़ गई और जमीन पर लेटकर “जाने दो” की मांग करती रही। इसके बाद पुलिस और पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने मिलकर उसे वहां से हटाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और महिला को उठाकर सभा स्थल से बाहर ले जाया गया।

इस बीच प्रधानमंत्री की नजर भी इस घटना पर पड़ी, हालांकि कुछ ही समय में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और सभा सुचारू रूप से जारी रही।

सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं और ‘गारंटी’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे, जिससे वे सालाना एक लाख रुपये से अधिक कमा सकें। उन्होंने बताया कि 75 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा और उन्हें 20 लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी गारंटी बैंक को सरकार देगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राज्य में औद्योगिक स्थिति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हुगली नदी के इस पार पहले कई कारखाने थे, लेकिन अब वहां बंद होने की नौबत आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 15 वर्षों में कई जूट मिल बंद हो गई हैं और “सिंडिकेट राज” हावी है।

सिंगुर का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य में उद्योग लाने का वादा किया और कहा कि किसानों की जमीन का सही उपयोग नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने आलू किसानों के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि सिंडिकेट किसानों से कम दाम पर खरीदकर महंगे दामों पर बेच रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

Tags