ब्रिटेन में बनने जा रहा पीढ़ीगत स्मोकिंग बैन कानून, 2009 के बाद जन्मे लोग नहीं खरीद सकेंगे सिगरेट

युगवार्ता    27-Apr-2026
Total Views |

लंदन, 27 अप्रैल (हि.स.)। ब्रिटेन में धूम्रपान पर सख्ती बढ़ाते हुए एक ऐतिहासिक कानून इस सप्ताह लागू होने की तैयारी में है। संसद द्वारा पारित तंबाकू और वेप्स विधेयक को अंतिम मंजूरी (रॉयल असेंट) मिलने के बाद यह कानून प्रभावी हो जाएगा।

इस कानून के तहत 01 जनवरी 2009 या उसके बाद जन्मे लोगों को जीवनभर सिगरेट खरीदने की अनुमति नहीं होगी। यह एक “रोलिंग एज रेस्ट्रिक्शन” नीति है, जिसमें हर साल तंबाकू खरीदने की कानूनी उम्र एक वर्ष बढ़ाई जाएगी, जिससे नई पीढ़ी धीरे-धीरे धूम्रपान से बाहर होती जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस कदम से आने वाले दशकों में धूम्रपान की दर लगभग शून्य के करीब पहुंच सकती है, जिससे स्वास्थ्य प्रणाली पर दबाव कम होगा। हालांकि, इस नीति की प्रभावशीलता को लेकर समाज में मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

लंदन में कई लोगों ने युवाओं के बीच बढ़ते वेपिंग और स्मोकिंग को देखते हुए इस कदम का समर्थन किया। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि इससे समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी, क्योंकि लोग वैकल्पिक तरीकों से तंबाकू उत्पाद हासिल कर सकते हैं।

एक्शन ऑन स्मोकिंग एंड हेल्थ (एएसएच) जैसे सार्वजनिक स्वास्थ्य संगठनों ने इस नीति का समर्थन करते हुए कहा है कि 16-17 वर्ष के युवाओं में पहले से ही धूम्रपान की दर कम है, जिससे इस कानून को लागू करना अपेक्षाकृत आसान होगा। संगठन के अनुसार, यह नीति समय के साथ बड़ा प्रभाव डालेगी और दीर्घकाल में बड़ी संख्या में मौतों को रोक सकती है।

हालांकि, यह प्रतिबंध वेपिंग उत्पादों पर सीधे लागू नहीं होगा, लेकिन सरकार को इनके फ्लेवर, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर सख्त नियंत्रण लागू करने का अधिकार दिया गया है, ताकि नाबालिगों को इनसे दूर रखा जा सके।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags