बंगाल चुनाव के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री का भावनात्मक पत्र : भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए

युगवार्ता    27-Apr-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पत्र की प्रति


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के समापन से पहले राज्य की जनता के नाम एक भावनात्मक खुला पत्र जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने ‘विकसित बंगाल’ के अपने विज़न को दोहराते हुए बदलाव, विकास और सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बताया।

चुनाव प्रचार सोमवार शाम 5 बजे समाप्त हो गया, जिसके बाद 29 अप्रैल को मतदान होना है। अपने संदेश के साथ प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पोस्ट साझा करते हुए कहा कि लोकतंत्र का हर महोत्सव बहुत पवित्र होता है। उन्हें भी बंगाल के इस उत्सव में हिस्सा लेने का अवसर मिला है। इस दौरान बंगाल के विकास को लेकर भाजपा का रोडमैप रखने का अवसर मिला।

मोदी ने कहा कि वह इस पत्र के माध्यम से बंगाल के हर परिवारजन को अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं। उन्हें पूरे चुनाव अभियान के दौरान जनता से अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला, जिसने उन्हें नई ऊर्जा दी।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि बंगाल के युवा, महिलाएं, किसान, श्रमिक और व्यापारी—सभी ‘विकसित बंगाल’ के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि इस पत्र के माध्यम से उन्होंने जनता के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। साथ ही उन्होंने एक ऑडियो संदेश भी जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनका कर्तव्य और जिम्मेदारी बंगाल की सेवा और सुरक्षा करना है।

अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने चुनावी अनुभव साझा करते हुए कहा कि रैलियों और रोड शो के दौरान मिले संदेशों और तस्वीरों को वे समय मिलने पर ध्यानपूर्वक देखते हैं और जनता के प्रेम को अपनी सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले किए गए आध्यात्मिक अनुष्ठान की तरह इस चुनाव में भी उन्हें विशेष अनुभूति हुई।

युवाओं, महिलाओं और किसानों की आकांक्षाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य का हर वर्ग अब विकास और बेहतर भविष्य चाहता है। उन्होंने खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा और बेटियों के लिए बेहतर अवसरों की आवश्यकता पर जोर दिया।

स्पष्ट राजनीतिक संदेश देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए।” उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में सरकार बनाएगी और सभी मिलकर बंगाल को विकसित बनाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags