होर्मुज जलडमरूमध्य पर टोल के प्रस्ताव को यूएन समुद्री एजेंसी ने किया खारिज

युगवार्ता    27-Apr-2026
Total Views |

लंदन/न्यूयॉर्क, 27 अप्रैल (हि.स.)। वैश्विक समुद्री व्यापार के अहम मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते विवाद के बीच अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) ने स्पष्ट किया है कि इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर किसी प्रकार का टोल या शुल्क लगाने का “कोई कानूनी आधार नहीं” है।

संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी आईएमओ के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगेज ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए उपयोग होने वाले जलडमरूमध्यों पर कर, कस्टम या किसी भी तरह की फीस लागू करना अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने की संभावना जता चुका है।

दरअसल, फरवरी के अंत में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद से इस रणनीतिक जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। ईरान द्वारा मार्ग को बंद करने से तेल और गैस की आपूर्ति पर असर पड़ा है, जिससे वैश्विक बाजारों में कीमतों में तेज उछाल देखा गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी की है, जबकि तेहरान ने संकेत दिया है कि किसी स्थायी शांति समझौते के तहत वह ट्रांजिट फीस लागू करने पर विचार कर सकता है।

इसी बीच, ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि प्रस्तावित कानून के तहत देश की सशस्त्र सेनाओं को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की निगरानी और नियंत्रण का अधिकार दिया जा सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags