पश्चिम बंगाल में चुनावी जब्ती 510 करोड़ पार, पिछले चुनाव से 339 करोड़ अधिक

युगवार्ता    27-Apr-2026
Total Views |
चुनाव आयोग (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान अब तक अवैध नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती धातु और अन्य वस्तुओं को मिलाकर कुल मूल्य 510 करोड़ रुपये से अधिक की चीजें जब्त की हैं। यह आंकड़ा 2021 के विधानसभा चुनावों में दर्ज 339 करोड़ रुपये की जब्ती से भी अधिक है।

चुनाव आयोग ने बताया कि अब तक पश्चिम बंगाल में 2,728 फ्लाइंग स्क्वाड टीमों और 3,142 निगरानी टीमों को तैनात किया गया है। ये टीमें शिकायतों पर 100 मिनट के भीतर कार्रवाई करती हैं और विभिन्न स्थानों पर अचानक नाके लगाकर जांच करती हैं। इसके अलावा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और वितरण के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार 27 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल में 30 करोड़ रुपये नकद, 48 लाख लीटर से अधिक शराब जिसकी कीमत 126.85 करोड़ रुपये है, 110.12 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स, 58.28 करोड़ रुपये कीमती धातु और 184.85 करोड़ रुपये मूल्य के अन्य सामान जब्त किए गए।

उल्लेखनीय है कि आयोग ने 15 मार्च को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों तथा उपचुनावों की घोषणा की थी। आयोग ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को मॉडल आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags