दिलजीत दोसांझ की 'द टुनाइट शो' में वापसी

युगवार्ता    28-Apr-2026
Total Views |
दिलजीत दोसांझ - फोटो सोर्स एक्स


पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने जा रहे हैं। दिलजीत 28 अप्रैल को अमेरिकी होस्ट जिमी फॉलन के लोकप्रिय शो 'द टुनाइट शो' में अपनी ग्रैंड वापसी करेंगे। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया है और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।

दिलजीत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह जिमी फॉलन के साथ भांगड़ा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशंसक इसे दिलजीत की एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।

यह पहला मौका नहीं है जब दिलजीत इस शो में दिखाई देंगे। इससे पहले जून 2024 में उन्होंने इसी मंच पर अपने लोकप्रिय गीत 'गॉट' और 'बॉर्न टू शाइन' पर प्रस्तुति दी थी। उस समय जिमी फॉलन ने उन्हें दुनिया के सबसे बड़े पंजाबी कलाकारों में से एक बताते हुए दर्शकों से परिचित कराया था। अब दूसरी बार उनकी मौजूदगी इस सहयोग को और खास बना रही है।

दिलजीत का यह एपिसोड 28 अप्रैल को अमेरिकी समयानुसार रात 11:35 बजे प्रसारित होगा, जिसे भारतीय दर्शक 29 अप्रैल की सुबह देख सकेंगे। शो में वह बातचीत के साथ अपने चर्चित गीतों की प्रस्तुति भी देंगे। प्रसारण के बाद यह एपिसोड शो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे दुनियाभर के प्रशंसक इसे देख सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags