देश में एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की सौ फीसदी आपूर्ति बरकरार : सुजाता शर्मा

युगवार्ता    28-Apr-2026
Total Views |
पश्चिम एशिया संकट पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता को संबोधित करते सुजाता शर्मा


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में घरेलू रसोई गैस एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की सप्लाई 100 फीसदी पर बनी हुई है, जबकि व्यावसायिक एलपीजी की सप्लाई 70 फीसदी तक बहाल कर दी गई है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने आज अंतर मंत्रालयी पत्रकार वार्ता में कहा कि ऊर्जा परिदृश्य को स्थिर करने एवं आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने के लिए कई प्रभावी उपाय लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और फार्मा, स्टील व कृषि क्षेत्रों को एलपीजी की प्लाई प्राथमिकता के आधार पर दी जा रही है। सुजाता शर्मा ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलो एफटीएल सिलेंडरों के ज़रिए होने वाली सप्लाई को भी लगभग दोगुना कर दिया गया है। मार्च से अब तक पूरे देश में 67 हजार से अधिक सिलेंडर ज़ब्त किए गए हैं, जबकि 1160 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं और 271 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि कल तक, 42,800 से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in वेबसाइट के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि शिपमिन_इंडिया नाविकों के कल्याण और समुद्री संचालन में कोई रुकावट न आए, यह सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज़ से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। मुकेश मंगल ने कहा कि डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम को अब तक 7,920 कॉल और 16,800 ई-मेल मिली हैं। पिछले 24 घंटों में, 140 कॉल और 180 ई-मेल प्राप्त हुए हैं। मंत्रालय ने अब तक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वतन वापसी में सहायता की है, जिसमें पिछले 24 घंटों में लौटे 24 नाविक भी शामिल हैं।

टेक्समिनइंडिया के व्यापार सलाहकार बिपिन मेनन ने अपने संबोधन में कहा कि कपड़ा मंत्रालय एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, क्षेत्रीय क्लस्टर एसोसिएशन, डीजी शिपिंग और पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ खास तौर पर बातचीत करके पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है। मेनन ने कहा कि शिपिंग में रुकावटें, वैकल्पिक रास्ते और लॉजिस्टिक्स जैसी मुख्य चिंताओं को दूर किया जा रहा है, और निर्यातकों को जेद्दा जैसे वैकल्पिक बंदरगाहों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ईंधन और गैस की सप्लाई औसत खपत के लगभग 80 फीसदी पर स्थिर बनी हुई है, और आपातकालीन विकल्प भी तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags