
ध्रुव सरजा और संजय दत्त की बहुचर्चित फिल्म 'केडी : द डेविल' की रिलीज से पहले बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से मंजूरी मिल गई है, जिससे इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। केवीएन प्रोडक्शन ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि फिल्म को 'ए' सर्टिफिकेट दिया गया है। इसका मतलब है कि अब यह फिल्म केवल 18 साल से अधिक उम्र के दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी।
फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिलने में देरी के कारण निर्माताओं को पहले कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इसी वजह से फिल्म का ट्रेलर भी यूट्यूब से हटाना पड़ा था, क्योंकि उसमें कुछ ऐसे दृश्य थे जिन्हें पहले प्रमाणित नहीं किया गया था। अब सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद निर्माताओं ने राहत की सांस ली है और फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह बढ़ गया है।
1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर बनी 'केडी : द डेविल' एक पैन-इंडिया एक्शन फिल्म है, जिसमें ध्रुव सरजा के साथ संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, नोरा फतेही, वी. रविचंद्रन और रमेश अरविंद अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और दर्शकों को दमदार एक्शन व रोमांचक अनुभव देने का दावा कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे